Can Science Delay Aging?: उम्र की रफ्तार थामने की दहलीज पर विज्ञान

क्या इंसान बुढ़ापा टाल सकता है? क्या बढ़ती उम्र की रफ्तार धीमी की जा सकती है? कभी विज्ञान-कथा माने जाने वाले इन सवालों पर अब दुनिया की प्रमुख प्रयोगशालाओं में ग
क्या इंसान बुढ़ापा टाल सकता है? क्या बढ़ती उम्र की रफ्तार धीमी की जा सकती है? कभी विज्ञान-कथा माने जाने वाले इन सवालों पर अब दुनिया की प्रमुख प्रयोगशालाओं में गंभीर शोध चल रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), जीन थेरेपी और सेलुलर री-प्रोग्रामिंग जैसी तकनीकों ने एंटी-एजिंग रिसर्च को नई दिशा दी है। उप्र विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सुमित श्रीवास्तव ने बताया कि इस क्षेत्र में दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां और फार्मा उद्योग अरबों डॉलर का निवेश कर रहे हैं। जेफ बेजोस की एल्टोस लैब्स और सैम ऑल्टमैन की रेट्रो बायोसाइंसेज उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करने वाली तकनीकों पर काम कर रही हैं। जनवरी 2026 में अमेरिकी नियामक एफडीए ने एपिजेनेटिक री-प्रोग्रामिंग आधारित पहले मानव परीक्षण को मंजूरी देकर इस शोध को नई गति दी है। हाल में चीन के शोधकर्ताओं ने ट्रायल के दौरान जीन थेरेपी की मदद से कुछ स्वयंसेवकों में उम्र बढ़ने से जुड़े जैविक संकेतकों (बायोमार्कर्स) में कमी आने का दावा किया है। यह तकनीक भी यामानाका फैक्टर्स पर आधारित आंशिक सेलुलर री-प्रोग्रामिंग की अवधारणा से जुड़ी मानी जाती है। इसे पुराने कंप्यूटर को बिना डेटा मिटाए रीस्टार्ट करने जैसा समझा जा सकता है। लखनऊ स्थित सेंटर फॉर बायोमेडिकल रिसर्च (सीबीएमआर) के पूर्व निदेशक और वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आलोक धवन के अनुसार, भारतीयों में लंबी उम्र की आनुवंशिक क्षमता मौजूद है। पुरातन भारतीयों में सौ वर्ष से ज्यादा लंबी उम्र आम बात थी। उन्होंने बताया कि एंटी-एजिंग रिसर्च में तीन खोजें सबसे महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। सेलुलर री-प्रोग्रामिंग (यामानाका फैक्टर्स): जापानी वैज्ञानिक डॉ. शिन्या यामानाका ने वयस्क कोशिकाओं को फिर से युवा जैसी अवस्था में लाने की तकनीक विकसित की, जिसके लिए उन्हें नोबेल पुरस्कार मिला। आज यही तकनीक एंटी-एजिंग रिसर्च की सबसे बड़ी उम्मीद मानी जा रही है। सेनेसेंट (जॉम्बी) कोशिकाएं: उम्र बढ़ने के साथ शरीर में निष्क्रिय, लेकिन जीवित कोशिकाएं जमा होती जाती हैं। ये सूजन, ऊतकों की क्षति और उम्र संबंधी कई बीमारियों की वजह बनती हैं। इन्हें समाप्त करने के लिए सेनोलिटिक्स दवाओं पर शोध चल रहा है। हाल ही में वैज्ञानिकों ने इन कोशिकाओं का पहला विस्तृत शारीरिक मानचित्र भी तैयार किया है। टेलोमीयर और टेलोमेरेज: गुणसूत्रों के सिरों पर मौजूद टेलोमीयर उम्र बढ़ने के साथ छोटे होते जाते हैं। इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण खोज के लिए एलिजाबेथ ब्लैकबर्न और उनके सहयोगियों को 2009 का नोबेल पुरस्कार मिला था।



















