Fines Imposed on Apps: जेप्टो, बुक माय शो और इंडिगो समेत 9 एप्स पर लगा 20 लाख रुपये का जुर्माना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल ऑनलाइन खरीदारी करना बहुत आम हो गया है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि क्या आप वास्तव में जो कीमत देख रहे हैं, वही आपको चुकानी पड़े
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल ऑनलाइन खरीदारी करना बहुत आम हो गया है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि क्या आप वास्तव में जो कीमत देख रहे हैं, वही आपको चुकानी पड़ेगी? अक्सर, जब आप किसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सामान खरीदने जाते हैं, तो आपको जो शुरुआती कीमत दिखाई जाती है, वह अंत में बदल जाती है। इसमें हैंडलिंग फीस, मेंबरशिप चार्ज और कभी-कभी बिना बताए डोनेशन भी शामिल हो जाता है। यह सब मिलकर आपके बिल को बढ़ा देता है। ऐसे मामलों में ग्राहकों को धोखा देने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर डार्क पैटर्न का इस्तेमाल किया जाता है। इस पर कड़ी नजर रखते हुए, सेंट्रल कंज्यूमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी (CCPA) ने नौ प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कार्रवाई की है। इनमें जेप्टो, बुक माय शो, इंडिगो और फिजिक्स वाला जैसे नाम शामिल हैं। सरकार ने राज्यसभा को इस कार्रवाई की जानकारी दी है।
सीसीपीए ने पाया कि जेप्टो जैसे प्लेटफॉर्म पर ग्राहकों को जो शुरुआती कीमतें दिखाई जाती थीं, वे बाद में हैंडलिंग चार्ज और मेंबरशिप फीस के जरिए बढ़ा दी जाती थीं। इसे ड्रिप प्राइसिंग के रूप में वर्गीकृत किया गया है। इसके चलते जेप्टो पर 7 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा, बुक माय शो को भी अपने चैरिटी इनिशिएटिव के लिए पहले से टिक किए गए 1 रुपये के योगदान को हटाने का निर्देश दिया गया। इस मामले में समस्या यह थी कि ग्राहक को इस योगदान को हटाने के लिए खुद से ध्यान देना पड़ता था। इसी तरह, इंडिगो को कन्फर्म शेमिंग के लिए फटकार लगाई गई, जहां ग्राहकों को अतिरिक्त खरीदारी से बचने के लिए दबाव महसूस कराया जाता था।



















