CJP का 4 सूत्री एजेंडा: शिक्षा, रोजगार, जवाबदेही और एकजुटता पर जोर
कॉकरोच जनता पार्टी (cjp) ने अपने देशव्यापी अभियान 'क्या बोलती पब्लिक' का एजेंडा जारी किया है। यह घोषणा छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यसमि
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने देशव्यापी अभियान 'क्या बोलती पब्लिक' का एजेंडा जारी किया है। यह घोषणा छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के बाद की गई। इस अभियान का उद्देश्य सितंबर से शुरू होने वाले राष्ट्रव्यापी 'लिसनिंग टूर' के माध्यम से देश भर के युवाओं से संवाद स्थापित करना है। पार्टी युवाओं की समस्याओं, आकांक्षाओं और विचारों को समझकर एक जनता द्वारा संचालित 'युवा सुधार चार्टर' तैयार करेगी।
CJP के चार मुख्य प्वाइंट में समग्र शिक्षा सुधार, शिक्षा और रोजगार का एकीकरण, संस्थागत जवाबदेही, और सिविल सोसाइटी तथा छात्र संगठनों के साथ एकजुटता शामिल हैं। समग्र शिक्षा सुधार में पहली क्लास से लेकर उच्च शिक्षा तक व्यापक सुधार का लक्ष्य है, जबकि शिक्षा और रोजगार का एकीकरण व्यावसायिक प्रशिक्षण और बाजार की मांग के अनुसार रोजगार के अवसरों पर ध्यान केंद्रित करेगा। संस्थागत जवाबदेही के तहत न्यायपालिका, चुनाव आयोग और मीडिया जैसी लोकतांत्रिक संस्थाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।
CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य चुनावी वादे करना नहीं, बल्कि जनता की आवाज सुनना है। उन्होंने कहा, "कई समर्थकों ने हमसे राजनीतिक दल बनने का आग्रह किया है, लेकिन हमारी प्राथमिकता जनता के बीच बदलाव लाने पर है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं रखती, बल्कि एक 'पीपुल्स प्रेशर ग्रुप' के रूप में कार्य करेगी।
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने बताया कि बढ़ते स्कूल, कॉलेज और कोचिंग खर्चों के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा आम नागरिकों की पहुंच से बाहर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा सुधार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और साथ ही शिक्षित स्नातकों में बढ़ती बेरोजगारी पर भी ध्यान दिया जाएगा। दिपके ने यह भी बताया कि पार्टी भारतीय संविधान और डॉ. बी.आर. आम्बेडकर, महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू के विचारों से प्रेरित है।



















