Rajpal Yadav faces property auction notice: 34 दिन में 16.61 करोड़ रुपये नहीं चुकाए तो होगी नीलामी

बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। चेक बाउंस मामले के बाद अब बैंक के लोन का भुगतान न करने के कारण उनकी संपत्ति नीलाम होने की स्थिति में आ
बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। चेक बाउंस मामले के बाद अब बैंक के लोन का भुगतान न करने के कारण उनकी संपत्ति नीलाम होने की स्थिति में आ गई है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने उनके पैतृक घर, जो शाहजहांपुर में स्थित है, पर 16.61 करोड़ रुपये की कुर्की नोटिस चस्पा की है। बैंक ने चेतावनी दी है कि यदि राजपाल यादव 34 दिनों के भीतर लोन की राशि का भुगतान नहीं करते हैं, तो उनकी संपत्ति की नीलामी की जाएगी। नीलामी की तारीख 9 सितंबर निर्धारित की गई है।
राजपाल यादव ने अपनी पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी यादव के नाम पर मुंबई की सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा से 16.61 करोड़ रुपये का लोन लिया था। उल्लेखनीय है कि 27 दिन पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें चेक बाउंस मामले में तीन महीने की जेल की सजा सुनाई थी। हालांकि, फिलहाल उन्हें राहत मिली हुई है और वह जेल से बाहर हैं।
इस मामले पर राजपाल यादव के बड़े भाई श्रीपाल यादव ने कहा है कि यह एक पुराना मामला है और लोन चुकाने को लेकर बैंक से बातचीत चल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इसका समाधान हो जाएगा और संपत्ति की नीलामी जैसी स्थिति नहीं बनेगी।
सेंट्रल बैंक के मैनेजर अनुज वर्मा ने बताया कि शाहजहांपुर के कुंद्रा स्थित मकान पर नोटिस चस्पा किया गया है। लगभग दो साल पहले भी इसी मामले में बैंक ने नोटिस लगाया था, जब राजपाल यादव और बैंक के बीच लोन चुकाने को लेकर समझौता हुआ था।



















