Reward for Arrest: बभनी लूटकांड में फरार दो आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित

बभनी। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र में शीशटोला जंगल में एक सराफा कारोबारी से हुई लूटकांड में शामिल दो फरार आरोपियों पर पुलिस ने 25-25 हजार
बभनी। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र में शीशटोला जंगल में एक सराफा कारोबारी से हुई लूटकांड में शामिल दो फरार आरोपियों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस की टीम इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। इन आरोपियों के बारे में सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। बभनी थाना प्रभारी डीपी यादव ने बताया कि इस लूटकांड में आरोपियों ने सराफा व्यापारी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। लूट के मामले का सफल खुलासा किया जा चुका है, लेकिन विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर दो और आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है, जो घटना के बाद से फरार चल रहे हैं।
पुलिस ने जिन दो आरोपियों पर इनाम घोषित किया है, उनमें मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र के धूरीताल पश्चिम निवासी पंकज साह और बरगवां थाना क्षेत्र के कनई गांव निवासी संजय साकेत शामिल हैं। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार रखा गया है। बभनी थाना प्रभारी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को इन फरार आरोपियों के संबंध में कोई विश्वसनीय सूचना मिलती है, तो वह निकटतम पुलिस थाने या सोनभद्र पुलिस को इसकी जानकारी दे सकता है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, जिससे लोग बिना किसी डर के पुलिस को जानकारी दे सकें।
















