Bathroom Cleaning Tips: बाथरूम की फर्श पर जम गई काई? इन आसान तरीकों से करें सफाई

बाथरूम में पानी सही से नहीं निकलने पर फर्श पर काई जमने लगती है, जिससे बाथरूम गंदा दिखने के साथ ही फिसलकर गिरने का खतरा भी बढ़ जाता है। यदि आपके बाथरूम में पानी
बाथरूम में पानी सही से नहीं निकलने पर फर्श पर काई जमने लगती है, जिससे बाथरूम गंदा दिखने के साथ ही फिसलकर गिरने का खतरा भी बढ़ जाता है। यदि आपके बाथरूम में पानी न निकलने, गंदगी या बारिश की वजह से काई जम गई है और आप इसे साफ करने के लिए उपाय खोज रहे हैं, तो यहां कुछ उपयोगी टिप्स दिए गए हैं।
बाथरूम की गंदी टाइल को साफ करने के लिए नींबू के छिलकों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए नींबू के छिलकों में थोड़ा पानी और नमक डालकर मिक्सी में पीस लें। तैयार मिश्रण को एक कटोरी में निकालकर उसमें थोड़ा हार्पिक मिला दें। फिर इस मिश्रण को बाथरूम की गंदी टाइल पर लगाकर करीब 10 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद ग्लव्स पहनकर स्कॉच ब्रश या सफाई वाले ब्रश से हल्के हाथों से रगड़ें और पानी डालकर साफ कर दें।
काई को साफ करने के लिए ब्लीचिंग पाउडर का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले जहां पर काई लगी है, उस जगह पर ब्लीचिंग पाउडर छिड़कें। फिर झाड़ू या किसी चीज की मदद से इसे काई लगी हुई जगह पर अच्छी तरह फैलाएं और आधे घंटे के लिए छोड़ दें। इसके बाद इसे ब्रश या झाड़ू की मदद से स्क्रब करें और पानी से साफ कर दें।
बाथरूम की फिसलन कम करने के लिए फर्श को साफ रखने के साथ-साथ पानी जमा न होने दें। फर्श को साफ करने के बाद अच्छी तरह सुखाएं और बाथरूम के बाहर डोर मैट रखें, जिससे बाथरूम का पानी कमरे में बाहर न जाए। बाहर से आते समय पैर पोंछने के बाद ही बाथरूम में आएं, ताकि गंदगी न फैले।



















