Ancestors of Humans Were Cannibals: इंसानों के पूर्वज नरभक्षी थे! 8 लाख साल पुरानी गुफा से मिले इसके सबूत

क्या इंसानों के पूर्वज अपने ही लोगों को खा जाते थे? यह सवाल हाल ही में स्पेन में हुई एक पुरातात्विक खोज के बाद फिर से चर्चा में आया है। वैज्ञानिकों ने उत्तरी स्
क्या इंसानों के पूर्वज अपने ही लोगों को खा जाते थे? यह सवाल हाल ही में स्पेन में हुई एक पुरातात्विक खोज के बाद फिर से चर्चा में आया है। वैज्ञानिकों ने उत्तरी स्पेन के बुर्गोस स्थित ग्रान डोलीना गुफा से 8.5 लाख साल पुरानी मानव अवशेषों की खोज की है, जिन पर काटने और मांस अलग करने के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। शोधकर्ताओं का मानना है कि यह इस बात का सबूत है कि उस समय के इंसानों के पूर्वज अपने ही समुदाय के लोगों का मांस खाते थे। मिरर की रिपोर्ट के अनुसार, यह खोज कई वर्षों की खुदाई का परिणाम है, जिसमें कैटलन इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन पेलियोइकोलॉजी एंड सोशल इवोल्यूशन के वैज्ञानिक शामिल हैं। हालिया खुदाई में वैज्ञानिकों को दो दर्जन से अधिक हड्डियां और दांत मिले हैं, जिनमें खोपड़ी, रीढ़, हाथ और पैर की हड्डियों के टुकड़े शामिल हैं। ये अवशेष होमो एंटेसेसर नाम की विलुप्त मानव प्रजाति के हैं, जो करीब 7.7 लाख से 12 लाख साल पहले यूरोप में निवास करती थी।
वैज्ञानिकों ने इन हड्डियों की जांच के दौरान पाया कि उन पर पत्थर के औजारों से काटने और मांस अलग करने के स्पष्ट निशान हैं। इससे पहले इसी गुफा से मिले बच्चों की हड्डियों पर भी ऐसे ही निशान पाए गए थे। अब पहली बार वयस्कों की हड्डियों पर भी यही सबूत मिलने के बाद शोधकर्ताओं का मानना है कि उस समय नरभक्षण केवल बच्चों तक सीमित नहीं था, बल्कि बड़े लोगों को भी मारकर खाया जाता था। नई खोज से यह भी पता चला है कि उस समय इस गुफा में लगभग 13 से 15 लोग रहते थे, जो पहले के अनुमानों से अधिक हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि यह खोज उस समय के इंसानों की आबादी, सामाजिक जीवन और रहन-सहन को बेहतर ढंग से समझने में मदद करेगी।



















