Historic T20 Final: 85 रन पर ऑलआउट होकर भी जीत गई गुयाना अमेजन वॉरियर्स

क्रिकेट के मैदान पर ऐसे अद्भुत मुकाबले बहुत कम देखने को मिलते हैं, जिन्हें 'अविश्वसनीय' कहना भी कम लगता हो। शनिवार, 1 अगस्त को ग्लोबल सुपर लीग (gsl) 2026 के फाइ
क्रिकेट के मैदान पर ऐसे अद्भुत मुकाबले बहुत कम देखने को मिलते हैं, जिन्हें 'अविश्वसनीय' कहना भी कम लगता हो। शनिवार, 1 अगस्त को ग्लोबल सुपर लीग (GSL) 2026 के फाइनल में गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के खिलाफ एक ऐसा प्रदर्शन किया, जो क्रिकेट के इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गया। प्रोविडेंस स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में गुयाना की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए केवल 85 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। हर किसी को लगा कि यूनिकॉर्न्स इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लेगी, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने सभी को चौंका दिया। गुयाना की गेंदबाजी ने कमाल कर दिखाया और यूनिकॉर्न्स को सिर्फ 79 रनों पर समेट दिया, जिससे गुयाना ने 6 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की। यह किसी आधिकारिक टी20 फाइनल में सफलतापूर्वक डिफेंड किया गया सबसे कम स्कोर था।
गुयाना की बल्लेबाजी शुरुआत से ही कमजोर नजर आई। टीम ने नौ ओवर के भीतर ही 29 रनों पर अपने 8 विकेट गंवा दिए थे। वेस्टइंडीज के स्टार जॉनसन चार्ल्स, शिमरॉन हेटमायर, अफगानिस्तान के विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज और ऑलराउंडर मोहम्मद नबी जैसे बड़े नाम पूरी तरह से फ्लॉप रहे। ऐसा लग रहा था कि गुयाना की टीम 50 रन भी नहीं बना पाएगी, लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाजों ने संघर्ष करते हुए स्कोर को 85 तक पहुंचा दिया। ड्वेन प्रिटोरियस (नाबाद 17 रन), मैथ्यू फोर्ड (28 रन) और इमरान ताहिर (11 रन) ने टीम को इस स्थिति से बाहर निकाला।
















