IMT Ambala: 304 करोड़ का विश्वस्तरीय औद्योगिक पार्क बनेगा

हरियाणा सरकार ने औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य सरकार ने केंद्र सरकार की भारत औद्योगिक विकास योजना (भाव्या) के अंतर्गत आ
हरियाणा सरकार ने औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य सरकार ने केंद्र सरकार की भारत औद्योगिक विकास योजना (भाव्या) के अंतर्गत आइएमटी अंबाला में विश्वस्तरीय औद्योगिक पार्क स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस प्रस्ताव को राज्य स्तरीय समिति (एसएलसी) की बैठक में स्वीकृति मिली, जिसकी अध्यक्षता मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने की। अब इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डा. अमित कुमार अग्रवाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इस औद्योगिक पार्क के विकास से हरियाणा में औद्योगिक निवेश को नई गति मिलने की उम्मीद है।
प्रस्ताव के अनुसार, एचएसआइआइडीसी के आइएमटी अंबाला में 108.58 एकड़ क्षेत्र में लगभग 304.10 करोड़ रुपये की लागत से प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा। इस पार्क में तकनीकी, वित्तीय और आधारभूत ढांचे की विस्तृत समीक्षा की गई है। डा. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि यह परियोजना भाव्या योजना की सभी अनिवार्य पात्रता शर्तों को पूरा करती है। इसमें निर्बाध एवं विवादमुक्त भूमि, मजबूत मल्टीमाडल कनेक्टिविटी और शीघ्र क्रियान्वयन की क्षमता शामिल है। इस औद्योगिक पार्क के माध्यम से उद्योगों को तैयार बुनियादी ढांचा उपलब्ध होगा, जिससे निवेशकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी।



















