Success in UP-TGT: प्रिंसी पांडेय ने बिना कोचिंग के हासिल की आठवीं रैंक

जागरण संवाददाता, औरैया। सीमित संसाधनों के बीच घर पर रहकर की गई मेहनत ने कस्बा की बेटी प्रिंसी पांडेय को प्रदेश के मेधावियों की कतार में ला खड़ा किया है। उत्तर प
जागरण संवाददाता, औरैया। सीमित संसाधनों के बीच घर पर रहकर की गई मेहनत ने कस्बा की बेटी प्रिंसी पांडेय को प्रदेश के मेधावियों की कतार में ला खड़ा किया है। उत्तर प्रदेश टीजीटी परीक्षा के घोषित परिणाम में बाबू दयाराम नगर निवासी प्रिंसी पांडे ने फाइन आर्ट विषय में प्रदेश स्तर पर आठवीं रैंक तथा सामान्य वर्ग में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने 488 अंक हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जनपद औरैया का गौरव बढ़ाया है। प्रिंसी ने बताया कि उन्होंने किसी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। इंटरनेट और पुस्तकों की मदद से घर पर रहकर नियमित अध्ययन किया। ऑनलाइन किताबें मंगाकर विषय की गहराई से तैयारी की और अनुशासित दिनचर्या के साथ परीक्षा की तैयारी पूरी की। उनकी इसी मेहनत का परिणाम है कि प्रदेश की मेरिट सूची में उन्होंने शानदार स्थान हासिल किया। परिणाम घोषित होते ही परिवार में खुशी का माहौल छा गया। इंटरनेट मीडिया पर हजारों लोगों ने उन्हें बधाई दी। नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा, विवेकानंद ग्रामोद्योग महाविद्यालय के प्राचार्य इकरार अहमद, भाजपा नेता रामकुमार अवस्थी सहित अनेक शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने फोन कर उनकी सफलता पर शुभकामनाएं दीं। सरस्वती विद्या मंदिर ने भी इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट साझा कर प्रिंसी की उपलब्धि को विद्यालय और जनपद के लिए गौरवपूर्ण बताया। प्रिंसी के बड़े भाई धर्म पांडेय भी शिक्षक हैं। वहीं, कस्बा के सहायल रोड निवासी वैभव गुप्ता ने भी गणित विषय से टीजीटी परीक्षा में उत्कृष्ट रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। उनके परिणाम से परिवार और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है तथा लोगों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।



















