Weather Update in North Bihar: मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर समेत उत्तर बिहार के जिलों में दो दिन बारिश का अलर्ट

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार के निवासियों को अगले दो दिनों में मौसम में बदलाव के लिए तैयार रहना होगा। भारतीय मौसम विभाग ने बारिश और आकाशीय बिजली के
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार के निवासियों को अगले दो दिनों में मौसम में बदलाव के लिए तैयार रहना होगा। भारतीय मौसम विभाग ने बारिश और आकाशीय बिजली के संबंध में एक अलर्ट जारी किया है। हालांकि, भारी वर्षा की संभावना नहीं है, लेकिन कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका जताई गई है। इस स्थिति को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के अनुसार, उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में आठ अगस्त तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।
गुरुवार की सुबह से आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन अधिकांश स्थानों पर बारिश नहीं हुई। दोपहर बाद धूप निकलने से उमस और गर्मी का एहसास बढ़ा, हालांकि पूरबा हवा चलने से लोगों को कुछ राहत मिली। शाम होते-होते फिर से बादलों ने आसमान पर डेरा जमा लिया, जिससे मौसम सुहाना हो गया। मौसम केंद्र के अनुसार, गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम है। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 95 प्रतिशत और दोपहर में 81 प्रतिशत रही। पूरबा हवा करीब 6.8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली।



















