Is it safe to take Pantoprazole daily for gas? : क्या गैस के लिए Pantoprazole की गोली रोज खाना सुरक्षित है? जानिए लंबे समय तक एंटासिड लेने के नुकसान और गैस्ट्रोलॉजिस्ट की सलाह

क्या आप भी सुबह उठते ही खाली पेट pantoprazole की गोली लेना अपनी दिनचर्या का हिस्सा मान चुके हैं? एसिडिटी, सीने में जलन और पेट में एसिड बनने जैसी समस्याओं के उपच
क्या आप भी सुबह उठते ही खाली पेट Pantoprazole की गोली लेना अपनी दिनचर्या का हिस्सा मान चुके हैं? एसिडिटी, सीने में जलन और पेट में एसिड बनने जैसी समस्याओं के उपचार के लिए डॉक्टर अक्सर Pantoprazole जैसी दवाएं लिखते हैं। इसे लोग Pantop-40 और Pan-40 जैसे ब्रांड नामों से भी जानते हैं। कई लोग इस दवा का सेवन कुछ दिनों या हफ्तों तक करने के बजाय महीनों और यहां तक कि लंबे समय तक करते रहते हैं। कुछ व्यक्तियों को यह भी लगता है कि अगर उन्होंने सुबह यह दवा नहीं ली तो उन्हें एसिडिटी या सीने में जलन शुरू हो जाएगी। लेकिन क्या लंबे समय तक बिना डॉक्टर की सलाह के Pantoprazole लेना सही है? क्या रोजाना इस दवा का सेवन करने से शरीर पर कोई असर पड़ सकता है? और क्या हर बार पेट में जलन या दर्द होने पर इसे लेना जरूरी है?
मारेंगो एशिया हॉस्पिटल में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के वरिष्ठ सलाहकार एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अमित मित्तल ने जनसत्ता से बातचीत में बताया कि Pantoprazole पेट में बनने वाले एसिड को कम करने वाली दवा है। यह Proton Pump Inhibitor (PPI) दवाओं के समूह से संबंधित है। पेट में एसिड का उत्पादन कम होने से एसिडिटी, सीने में जलन और एसिड से जुड़ी कुछ दूसरी समस्याओं के लक्षणों में राहत मिल सकती है। इसका इस्तेमाल कुछ मरीजों में अल्सर और एसिड रिफ्लक्स जैसी स्थितियों के इलाज में भी किया जाता है। हालांकि, हर पेट दर्द या जलन को एसिडिटी मानकर खुद से Pantoprazole लेना सही नहीं है। कई बार ऐसे लक्षणों के पीछे गॉलस्टोन्स, दूसरी पाचन संबंधी समस्याएं या यहां तक कि हृदय से जुड़ी गंभीर समस्या भी हो सकती है।



















