Flu Symptoms Explained: मामूली जुकाम और H1N1 स्वाइन फ्लू के लक्षणों में अंतर

दिल्ली के संत परमानंद अस्पताल में फेफड़ों और गंभीर रोगों के विशेषज्ञ डॉ. दीपांश गुप्ता ने बताया कि सामान्य सर्दी-जुकाम में नाक बहना, नाक बंद होना, और गले में हल
दिल्ली के संत परमानंद अस्पताल में फेफड़ों और गंभीर रोगों के विशेषज्ञ डॉ. दीपांश गुप्ता ने बताया कि सामान्य सर्दी-जुकाम में नाक बहना, नाक बंद होना, और गले में हल्की खराश जैसे लक्षण होते हैं। वहीं, H1N1 इन्फ्लूएंजा में ये लक्षण तेज बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द और शरीर में तेज दर्द के साथ होते हैं। इन्फ्लूएंजा में थकान और कमजोरी भी अधिक होती है, जिससे मरीज को खड़ा होना भी मुश्किल हो सकता है।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि सामान्य वायरल संक्रमण और H1N1 इन्फ्लूएंजा के लक्षणों में समानता हो सकती है, लेकिन H1N1 के लक्षण अचानक और अधिक तीव्र होते हैं। इन्फ्लूएंजा के दौरान खांसी, गले में खराश और नाक बंद हो जाने जैसे लक्षण भी देखे जा सकते हैं। तेज बुखार और शरीर में दर्द इसे सामान्य सर्दी से अलग पहचानने में मदद करते हैं।
बच्चों में H1N1 संक्रमण के लक्षणों में सांस से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याएं भी हो सकती हैं, जैसे मतली, उल्टी और दस्त। ऐसे में बच्चों में केवल सर्दी-जुकाम के लक्षण देखकर इसे सामान्य संक्रमण मान लेना गलत हो सकता है। अगर बच्चों में ऐसे लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
यदि बुखार दो-तीन दिन से अधिक समय तक बना रहे, तेज बुखार के साथ सिरदर्द, खांसी और सांस लेने में कठिनाई हो रही हो, तो इसे सामान्य सर्दी-जुकाम मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। खासकर जब बुखार लगातार बढ़ रहा हो या छाती में जकड़न महसूस हो रही हो, तो इन्फ्लूएंजा की संभावना को ध्यान में रखते हुए डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।



















