Demolition in Jamshedpur: भुइयांडीह-कल्याणनगर में 145 आशियाने ढहाने की तैयारी

जमशेदपुर के भुइयांडीह स्थित इंद्रानगर और कल्याणनगर बस्ती में रह रहे सैकड़ों परिवारों के लिए बेघर होने का संकट गहरा गया है। इन परिवारों के 145 चिन्हित मकान आगामी
जमशेदपुर के भुइयांडीह स्थित इंद्रानगर और कल्याणनगर बस्ती में रह रहे सैकड़ों परिवारों के लिए बेघर होने का संकट गहरा गया है। इन परिवारों के 145 चिन्हित मकान आगामी छह अगस्त को संभावित बुलडोजर कार्रवाई के कारण खतरे में हैं। प्रभावित परिवारों ने जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के कार्यालय पहुंचकर मदद की गुहार लगाई है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यह कार्रवाई राजनीतिक साजिश के तहत की जा रही है, जिससे वर्षों से आबाद गरीबों के आशियाने उजाड़ने की तैयारी की जा रही है। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने सुवर्णरेखा नदी के डूब क्षेत्र और तटबंधों से अवैध निर्माण हटाने का आदेश दिया है। इसके तहत जिला प्रशासन ने मानगो और भुइयांडीह क्षेत्र में कुल 161 अतिक्रमण चिन्हित किए हैं। पहले किए गए सर्वे में इन 145 घरों को अवैध घोषित करते हुए नोटिस थमाया गया था।
प्रशासन ने एनजीटी में हलफनामा दाखिल कर छह अगस्त को अतिक्रमण हटाने की तारीख तय कर दी है। इस कार्रवाई की आहट से आक्रोशित लोगों ने विधायक कार्यालय पहुंचकर मांग की है कि इस कार्रवाई पर तुरंत रोक लगाई जाए। दूसरी तरफ, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामला अदालती आदेश से जुड़ा होने के कारण कार्रवाई को टालना संभव नहीं है। सुरक्षा के मद्देनजर दंडाधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल की तैनाती की तैयारी की जा रही है, जिससे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। स्थानीय लोग इस कार्रवाई को लेकर चिंतित हैं और उनका कहना है कि वर्षों से वे इस इलाके में रह रहे हैं। ऐसे में अचानक उनके आशियानों को ढहाना उचित नहीं है।
















