Durand Cup: अजारेई की हैट्रिक से नॉर्थईस्ट यूनाइटेड की धमाकेदार शुरुआत, बोडोलैंड एफसी को 6-0 से रौंदा

डूरंड कप के 135वें संस्करण का उद्घाटन समारोह असम में भव्य तरीके से मनाया गया, जिसमें राज्य की सांस्कृतिक विरासत और भारतीय सशस्त्र बलों की परंपराओं का अद्भुत संग
डूरंड कप के 135वें संस्करण का उद्घाटन समारोह असम में भव्य तरीके से मनाया गया, जिसमें राज्य की सांस्कृतिक विरासत और भारतीय सशस्त्र बलों की परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस समारोह में असम के खेल मंत्री बिस्वजीत दैमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा वित्त, पर्यावरण एवं वन मंत्री जयंत मल्लबरुआह, पूर्वी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल वीएमबी कृष्णन और चतुर्थ कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल नीरज शुक्ला समेत कई वरिष्ठ सैन्य और सरकारी अधिकारी भी मौजूद थे। उद्घाटन समारोह की शुरुआत हॉट एयर बैलून, जैज बैंड और सेना के ब्रास व पाइप बैंड की संयुक्त प्रस्तुति से हुई, जिसने दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके बाद कुत्तों के प्रदर्शन, सैन्य बैंड और एनसीसी की छात्राओं के बैंड ने भी दर्शकों का मनोरंजन किया। स्काईडाइविंग, पैरामोटर और विमान प्रतिरूप प्रदर्शन ने समारोह में रोमांच का तड़का लगाया। असम की सांस्कृतिक झलक बागुरुम्बा, बारद्वी सिखला, बिहू और भोरताल की प्रस्तुतियों में देखने को मिली। बदलूराम का बदन की प्रस्तुति ने सैन्य परंपरा को भी दर्शाया। हेलीकॉप्टर और सुखोई-30 एमकेआई के हवाई प्रदर्शन ने समारोह को और भी यादगार बना दिया। इसके बाद तीनों डूरंड कप ट्रॉफियों को मैदान में प्रदर्शित किया गया, और मुख्य अतिथि ने औपचारिक किक मारकर गुवाहाटी चरण के मुकाबलों का शुभारंभ किया।
मैच की शुरुआत से ही नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने गेंद पर पकड़ बनाए रखी। हालांकि, पहला गोल 45+3वें मिनट में हुआ, जब अजारेई ने बोडोलैंड की रक्षापंक्ति की गलती का फायदा उठाकर बाएं पैर से गोल किया। दूसरे हाफ में नॉर्थईस्ट ने गोलों की झड़ी लगाते हुए अपनी स्थिति को मजबूत किया। 58वें मिनट में जितिन एमएस के क्रॉस पर लालरिनजुआला ने गोल किया, जिससे स्कोर 2-0 हो गया। इसके बाद 67वें मिनट में अजारेई ने दूसरा गोल दागा, और 70वें मिनट में रिडीम त्लांग ने स्कोर 4-0 किया। 86वें मिनट में अजारेई ने अपनी हैट्रिक पूरी की, जब उन्होंने दो रक्षकों को छकाते हुए गोल किया। इंजरी टाइम में एंटोनियो मोयानो ने छठा गोल कर टीम की 6-0 की जीत को सुनिश्चित किया।
















