Case against BJP MP Kangana Ranaut: लखनऊ में भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ केस दर्ज होगा

लखनऊ में हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ एक नया मामला दर्ज होने की संभावना है। कांग्रेस की नेता अनामिका यादव ने शनिवार को लखनऊ के हुसैन
लखनऊ में हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ एक नया मामला दर्ज होने की संभावना है। कांग्रेस की नेता अनामिका यादव ने शनिवार को लखनऊ के हुसैनगंज थाना में एक तहरीर दी है, जिसमें उन्होंने सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उनका कहना है कि कंगना रनौत का बयान, जो उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं के खिलाफ दिया था, न केवल अपमानजनक है बल्कि यह जनभावनाओं को भी आहत करता है। अनामिका यादव ने कहा कि यह बयान समाज की नई पीढ़ी, महिलाओं और छात्रों के खिलाफ है, और इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सांसद के इस बयान से सामाजिक वैमनस्य बढ़ सकता है और यह हमारे देश की बेटियों और उनके परिवारों का अपमान है।
अनामिका यादव ने तहरीर में उल्लेख किया है कि 30 जुलाई को कंगना रनौत ने नीट पेपर लीक के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के संबंध में एक सार्वजनिक बयान दिया था, जो विभिन्न समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। इस बयान में उन्होंने प्रदर्शन कर रहे युवाओं और छात्रों के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां कीं, और यहां तक कि उन्हें 'गटर जनरेशन' कहा। इसके अलावा, कंगना ने उन छात्रों के माता-पिता को भी अपमानित किया, जिनकी संतानें इस प्रदर्शन में भाग ले रही थीं। तहरीर में यह भी कहा गया है कि यह केवल प्रदर्शनकारियों का अपमान नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की नई पीढ़ी, महिलाओं और उनके परिवारों का सामूहिक अपमान है।
















