Satellite Launching Earth’s First Image: पृथ्वी की पहली तस्वीर लेने वाला सैटेलाइट लॉन्च हुआ

7 अगस्त 1959 को अमेरिका ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एक्सप्लोरर 6 नामक सैटेलाइट को लॉन्च किया, जिसने पृथ्वी की पहली तस्वीर अंतरिक्ष से ली। यह सैटेलाइट फ्लोरिड
7 अगस्त 1959 को अमेरिका ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एक्सप्लोरर 6 नामक सैटेलाइट को लॉन्च किया, जिसने पृथ्वी की पहली तस्वीर अंतरिक्ष से ली। यह सैटेलाइट फ्लोरिडा के केप कैनावेरल से थोर-एबल रॉकेट के माध्यम से अंतरिक्ष में भेजा गया। इसका मुख्य उद्देश्य ऊपरी वायुमंडल में पृथ्वी के इलेक्ट्रिक और मैग्नेटिक फ़ील्ड का अध्ययन करना था। इसके साथ ही, इसमें एक डिवाइस भी लगा था, जो बादलों की परत को स्कैन करने और उनकी तस्वीरें लेने में सक्षम था। इस सैटेलाइट को 'पैडलव्हील' सैटेलाइट के नाम से भी जाना जाता है। यह एक फोटोसेल स्कैनर से लैस था, जिसने 17,000 मील की दूरी से पृथ्वी की सतह और बादलों की एक कच्ची तस्वीर भेजी।
मिशन के शुरू होने के लगभग एक हफ़्ते बाद, एक्सप्लोरर 6 ने मेक्सिको के ऊपर चक्कर लगाते हुए पृथ्वी की पहली तस्वीर ली और उसे पृथ्वी पर भेजा। हालांकि, यह तस्वीर पूरी तरह से साफ़ नहीं थी, लेकिन इसमें उत्तर-मध्य प्रशांत महासागर का दृश्य स्पष्ट था। इस तस्वीर को हवाई के ग्राउंड स्टेशन तक पहुंचाने में लगभग 40 मिनट का समय लगा। नासा ने सितंबर में इस तस्वीर को जारी किया, जिसमें सूर्य की रोशनी में पृथ्वी का एक अर्धचंद्राकार हिस्सा दिखाई दे रहा था। यह तस्वीर मेक्सिको की थी, जिसे सैटेलाइट ने 20,000 मील प्रति घंटे की गति से उड़ान भरते हुए कैद किया।



















