Tiger Population Increase in Nepal: नेपाल में बढ़े बाघ, अब वाल्मीकि टाइगर रिजर्व की बारी

नेपाल ने हाल ही में विश्व बाघ दिवस के अवसर पर अपने राष्ट्रीय बाघ सर्वेक्षण के नए आंकड़े जारी किए हैं, जिसमें बाघों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली
नेपाल ने हाल ही में विश्व बाघ दिवस के अवसर पर अपने राष्ट्रीय बाघ सर्वेक्षण के नए आंकड़े जारी किए हैं, जिसमें बाघों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली है। वर्ष 2022 की तुलना में नेपाल में 74 बाघों की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे कुल बाघों की संख्या 355 से बढ़कर 429 हो गई है। यह आंकड़े न केवल नेपाल के लिए बल्कि पड़ोसी बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। वीटीआर में बाघों की आधिकारिक संख्या को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है, क्योंकि हाल ही में वन विभाग ने कैमरा ट्रैप के माध्यम से बाघों की गणना पूरी की है और अब सभी की नजरें आधिकारिक रिपोर्ट पर टिकी हैं।
नेपाल के कृषि, वन तथा वातावरण मंत्रालय की मंत्री गीता चौधरी की उपस्थिति में राष्ट्रीय निकुंज तथा वन्यजीव संरक्षण विभाग ने यह रिपोर्ट सार्वजनिक की। चितवन राष्ट्रीय निकुंज में वर्ष 2022 में 128 बाघ दर्ज किए गए थे, जबकि नवीनतम सर्वेक्षण में इनकी संख्या बढ़कर 145 हो गई है। चूंकि चितवन और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व का वन क्षेत्र आपस में जुड़ा हुआ है, इसलिए विशेषज्ञों को उम्मीद है कि वीटीआर में भी बाघों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। नेपाल के अन्य संरक्षित क्षेत्रों में भी बाघों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जैसे परसा राष्ट्रीय निकुंज में बाघों की संख्या 41 से बढ़कर 71 हो गई है।



















