Work From Home Jobs Fraud Explained: घर बैठे नौकरी के फर्जी ऑफर की पहचान कैसे करें? जानें ठगी से बचने के सुरक्षित तरीके

डिजिटल युग में वर्क फ्रॉम होम जॉब्स की मांग तेजी से बढ़ी है। स्टूडेंट्स, गृहिणियां, फ्रीलांसर और नौकरी की तलाश कर रहे लोग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से घर बैठे
डिजिटल युग में वर्क फ्रॉम होम जॉब्स की मांग तेजी से बढ़ी है। स्टूडेंट्स, गृहिणियां, फ्रीलांसर और नौकरी की तलाश कर रहे लोग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से घर बैठे कमाई के अवसरों की तलाश कर रहे हैं। लेकिन इसी बढ़ती लोकप्रियता का फायदा उठाकर साइबर ठगों ने फर्जी वर्क फ्रॉम होम जॉब्स और ऑनलाइन जॉब स्कैम का जाल फैला दिया है। कई बार लोग आसान काम के बदले अधिक पैसे कमाने के लालच में अपनी निजी जानकारी, बैंक डिटेल या पैसे तक गंवा देते हैं।
वर्क फ्रॉम होम जॉब फ्रोड एक ऐसा ऑनलाइन स्कैम है जिसमें ठग नौकरी देने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करते हैं। इसमें अक्सर फर्जी कंपनी या वेबसाइट बनाई जाती है, आकर्षक सैलरी का लालच दिया जाता है, रजिस्ट्रेशन फीस या सिक्योरिटी मनी मांगी जाती है, और फिर संपर्क बंद कर दिया जाता है। ठगों का उद्देश्य नौकरी देना नहीं बल्कि पैसे या व्यक्तिगत जानकारी हासिल करना होता है।
रजिस्ट्रेशन फीस स्कैम सबसे आम है, जिसमें ठग उम्मीदवारों से यह कहते हैं कि जॉब शुरू करने से पहले 500 से 5000 रुपये जमा करें। अगर आपको भी इस तरह के झांसे दिए जाते हैं तो सावधान रहें क्योंकि कंपनियां नौकरी देने के लिए उम्मीदवारों से पैसे नहीं मांगतीं। डाटा एंट्री जॉब्स के नाम पर भी धोखाधड़ी होती है, जिसमें ठग दावा करते हैं कि रोजाना कुछ घंटे काम करने पर हजारों रुपये कमाए जा सकते हैं।
कुछ ठग बड़ी कंपनियों के नाम से फर्जी इंटरव्यू लेते हैं, जिसमें वह नकली ईमेल भेजते हैं और वीडियो कॉल पर इंटरव्यू का नाटक करते हैं। ऐसे मैसेज अक्सर सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप पर आते हैं, जिसमें दिन में 2 घंटे काम करके 30,000 रुपये कमाने का दावा किया जाता है। यदि कोई कंपनी बिना अनुभव के 50,000 से 1 लाख रुपये प्रति माह की कमाई का दावा कर रही है, तो सावधान रहें।



















