Understanding Urticaria: त्वचा पर अचानक लाल चकत्ते और खुजली के कारण और उपाय

त्वचा पर अचानक लाल चकत्ते उभरने और तेज खुजली होना अर्टिकेरिया (urticaria) का संकेत हो सकता है, जिसे आमतौर पर पित्ती या हाइव्स (hives) कहा जाता है। यह समस्या कई
त्वचा पर अचानक लाल चकत्ते उभरने और तेज खुजली होना अर्टिकेरिया (Urticaria) का संकेत हो सकता है, जिसे आमतौर पर पित्ती या हाइव्स (Hives) कहा जाता है। यह समस्या कई कारणों से उत्पन्न हो सकती है, जैसे मौसम में बदलाव, खानपान में गड़बड़ी, दवाओं का रिएक्शन या धूल-मिट्टी से एलर्जी। हालांकि, अधिकांश मामलों में यह एक सामान्य एलर्जिक रिएक्शन होता है, लेकिन इसे नजरअंदाज करने पर यह गंभीर रूप ले सकता है।
दिल्ली-एनसीआर के स्किन एंड लेजर क्लिनिक के वरिष्ठ त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित बांगिया के अनुसार, अर्टिकेरिया के क्लासिक लक्षणों में शरीर पर लाल चकत्ते, तेज खुजली और स्किन पर रेडनेस शामिल हैं। यह समस्या किसी भी उम्र के व्यक्ति को हो सकती है। अर्टिकेरिया का मुख्य कारण एलर्जी है, जो खाद्य पदार्थों, दवाओं या अन्य एलर्जन के संपर्क में आने से हो सकती है। इसके अलावा, थायराइड डिसऑर्डर, ऑटोइम्यून रोग, गॉल स्टोन और किडनी स्टोन जैसी बीमारियां भी इसके कारण हो सकती हैं।
डॉक्टर ने बताया कि विटामिन D की कमी कुछ मरीजों में अर्टिकेरिया से जुड़ी हो सकती है, जबकि विटामिन B12 और आयरन की कमी को इसके मुख्य कारणों में नहीं माना जाता। हालांकि, आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया में त्वचा रूखी हो जाती है, जिससे खुजली बढ़ सकती है। अर्टिकेरिया में सबसे पहले खुजली शुरू होती है, जिसके बाद लालिमा और उभरे हुए चकत्ते दिखाई देते हैं। ये चकत्ते शरीर के किसी भी हिस्से पर निकल सकते हैं।
डॉ. बांगिया के अनुसार, यदि अर्टिकेरिया के साथ गले या सांस की नली में सूजन आती है, तो यह स्थिति गंभीर हो सकती है। समय पर इलाज न मिलने पर यह जानलेवा भी हो सकती है। कुछ मरीजों में पेट दर्द भी हो सकता है, जिससे यह समस्या केवल त्वचा तक सीमित नहीं रहती। यदि किसी व्यक्ति को अचानक तेज खुजली और लाल चकत्ते दिखाई दें, तो यह अर्टिकेरिया का संकेत हो सकता है।



















